झालमुरी मैंने खाई, TMC को मिर्ची लगी’… बंगाल रैली में पीएम मोदी का तंज, बोले- बदलाव के लिए वोट दे रही जनता

Follow Us

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर की रैली में सत्तारूढ़ अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पहले चरण की वोटिंग के बीच पीएम मोदी ने दावा किया कि राज्य की जनता बदलाव के लिए मतदान कर रही है और TMC से मुक्ति चाहती है। रैली में प्रधानमंत्री ने ‘झालमुरी’ का जिक्र करते हुए तंज कसा कि “झालमुरी मैंने खाई और मिर्ची TMC को लगी।” उन्होंने कहा कि, इस चुनाव में जनता का उत्साह बता रहा है कि, बंगाल में परिवर्तन की लहर है। पीएम मोदी ने मतदाताओं से रिकॉर्ड मतदान की अपील भी की। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि, पिछले वर्षों में राज्य में सिंडिकेट राज और भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिला, जबकि अब लोग सुशासन और सुरक्षा की उम्मीद में वोट दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि इस बार चुनाव में हिंसा कम हुई है और शांतिपूर्ण मतदान लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत है। पीएम मोदी ने दूसरे चरण के मतदान को लेकर भी भाजपा के पक्ष में माहौल बनने का दावा किया। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद बंगाल में बदलाव और सुरक्षा की नई गारंटी देखने को मिलेगी। दूसरी ओर, दूसरे चरण में कई अहम सीटों पर मतदान होना है, जिनमें ममता बनर्जी की भवानीपुर सीट भी शामिल है। ऐसे में चुनावी मुकाबला और दिलचस्प होता दिख रहा है। बंगाल में बयानबाजी के बीच राजनीतिक तापमान लगातार चढ़ा हुआ है।