रायपुर। छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए प्रशासन ने आम जनता को राहत देने के लिए सरकारी राशन दुकानों के संचालन समय में बदलाव किया है। अब राज्य में उचित मूल्य दुकानों के जरिए खाद्यान्न वितरण सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक किया जाएगा। नए आदेश के अनुसार, दिन के सबसे गर्म समय को ध्यान में रखते हुए दोपहर 1 बजे से 3 बजे तक सभी राशन दुकानें बंद रहेंगी। पहले यह दुकानें सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक संचालित होती थीं, जिससे लोगों को तेज धूप में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नए समय के अनुसार नागरिक सुबह और शाम के अपेक्षाकृत ठंडे समय में आसानी से राशन प्राप्त कर सकेंगे।
इससे खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और श्रमिक वर्ग को काफी राहत मिलने की उम्मीद है, जो गर्मी के दौरान लंबी कतारों में खड़े होने से परेशान हो रहे थे। प्रशासन ने सभी राशन दुकानदारों को निर्देश जारी करते हुए नए समय का सख्ती से पालन करने के लिए कहा है। साथ ही यह भी सुनिश्चित करने को कहा गया है कि, किसी भी हितग्राही को अनावश्यक परेशानी न हो। सरकार के इस फैसले को जनता के हित में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे गर्मी के मौसम में भी सुचारू रूप से खाद्यान्न वितरण जारी रह सकेगा और लोगों को राहत मिल सकेगी।
