कोलकाता। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 से पहले पश्चिम बंगाल का सियासी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है। पहले चरण के मतदान से ठीक पहले राजधानी कोलकाता में सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्ष भारतीय जनता पार्टी के समर्थकों के बीच हिंसक झड़प सामने आई है। कोलकाता के एकबालपुर इलाके में दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच टकराव इतना बढ़ गया कि, स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई। हालात संभालने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दोनों दलों के कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे हैं।
इसी मामले में बीजेपी उम्मीदवार राकेश सिंह के खिलाफ दो एफआईआर दर्ज की गई हैं। उन पर सरकारी काम में बाधा डालने, मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। वहीं बीजेपी ने आरोप लगाया है कि, उनकी रैली पर टीएमसी समर्थकों ने हमला किया, जबकि टीएमसी ने इसे बीजेपी की भड़काऊ राजनीति का परिणाम बताया है। इस घटनाक्रम ने चुनावी माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है। कोलकाता पोर्ट सीट पर फिरहाद हकीम समेत अन्य दलों के उम्मीदवार भी मैदान में हैं, जिससे मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। 23 अप्रैल को होने वाले मतदान से पहले बढ़ती हिंसा ने कानून-व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
