नई दिल्ली। अक्षय तृतीया के बाद सर्राफा बाजार में सुस्ती का दौर जारी है। सोने और चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई है, जिससे निवेशकों और खरीदारों के बीच हलचल बनी हुई है। राजधानी दिल्ली में 24 कैरेट सोने की कीमत पिछले दो दिनों में करीब 500 रुपये प्रति 10 ग्राम तक गिर चुकी है, जबकि 22 कैरेट सोना भी लगभग 460 रुपये सस्ता हुआ है। आज के कारोबार में दोनों कैरेट के सोने के दाम में मामूली गिरावट देखी गई है, जिससे बाजार में नरमी का संकेत मिल रहा है।

वहीं चांदी की कीमतों में भी उतार-चढ़ाव जारी है। दो दिनों तक स्थिर रहने के बाद अब इसमें गिरावट आई है। दिल्ली में चांदी करीब 100 रुपये प्रति किलोग्राम सस्ती होकर लगभग 2,74,900 रुपये प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी दर पर कारोबार कर रही है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत अधिक बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय बाजार में बदलाव और पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर सर्राफा बाजार पर पड़ रहा है। साथ ही अमेरिका और ब्रिटेन से आने वाले आर्थिक संकेतक, जैसे रिटेल डेटा और PMI रिपोर्ट, भी कीमतों की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
