Weather update: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, 17 जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है, जिससे कई जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। मौसम विभाग ने राज्य के 17 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में तेज आंधी, मेघगर्जन, आकाशीय बिजली और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। जारी नाउकास्ट के मुताबिक 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है। यह चेतावनी शाम से रात तक प्रभावी रहने वाली है। जिन जिलों में अलर्ट जारी किया गया है, उनमें नारायणपुर, कोंडागांव, कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, रायगढ़, बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, दुर्ग, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित अन्य जिले शामिल हैं।

मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि, वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। तेज हवा के दौरान ढीली वस्तुओं को सुरक्षित कर लें और वाहन सावधानीपूर्वक चलाएं। विशेष रूप से आकाशीय बिजली को देखते हुए पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। साथ ही खुले मैदान, जल स्रोतों और ऊंचे स्थानों से दूर रहने को कहा गया है। प्रशासन ने भी संबंधित जिलों में अलर्ट जारी कर आपदा प्रबंधन टीमों को तैयार रहने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत और बचाव कार्य किया जा सके।