जगदलपुर। बस्तर जिले के बकावंड ब्लॉक में अचानक बदले मौसम ने किसानों की मेहनत पर बड़ा असर डाला है। टलनार गांव में शनिवार और रविवार को हुई तेज बारिश और ओलावृष्टि ने करीब 50 एकड़ में लगी फसलों को पूरी तरह नष्ट कर दिया, जिससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान झेलना पड़ रहा है। तेज बारिश और ओलों की मार से खेतों में खड़ी सब्जियों और मक्का की फसल कुछ ही मिनटों में बर्बाद हो गई। किसानों ने टमाटर, पत्तागोभी सहित कई मौसमी सब्जियों की खेती की थी और बेहतर उत्पादन की उम्मीद में कर्ज लेकर खेती की थी। अचानक हुए मौसम परिवर्तन ने उनकी सारी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
अब स्थिति यह है कि खेतों में हरी-भरी फसल की जगह पूरी तरह तबाही का मंजर नजर आ रहा है। मक्का की फसल भी जमीन पर बिछ चुकी है, जिससे उत्पादन लगभग शून्य हो गया है। किसानों का कहना है कि, पहले से लिया गया कर्ज अब उनके लिए बड़ा बोझ बन गया है और आर्थिक संकट गहराने का खतरा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द फसल नुकसान का सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा दिया जाए। उनका कहना है कि, यदि समय पर राहत नहीं मिली तो उनकी आजीविका पर गंभीर असर पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर क्षेत्र में अचानक बारिश और ओलावृष्टि की स्थिति बनी थी, जिसका सबसे ज्यादा असर खेती-किसानी पर पड़ा है।
