रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र के संतोषी नगर इलाके में एक 19 वर्षीय युवती की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है। युवती का शव उसके प्रेमी के घर में फांसी के फंदे से लटका मिला, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान कविता दास के रूप में हुई है। जानकारी अनुसार, रविवार रात कविता अपने प्रेमी से मिलने उसके घर गई थी। बताया जा रहा है कि, दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद युवती ने वहीं फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पीएम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद मृतका के परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि, युवती पर शादी का दबाव बनाया जा रहा था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी तनाव के चलते उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मृतका के प्रेमी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही पुलिस यह भी जांच कर रही है कि, यह मामला आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य साजिश भी हो सकती है। फिलहाल पीएम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने कहा है कि, हर पहलू से जांच जारी है और जल्द ही मामले की सच्चाई सामने लाई जाएगी।
