नई दिल्ली। अक्षय तृतीया के बाद सर्राफा बाजार में आज हल्की नरमी देखने को मिली है। राजधानी दिल्ली में सोने की कीमतों में मामूली गिरावट दर्ज की गई है, जिससे खरीदारों को थोड़ी राहत मिली है। 24 कैरेट और 22 कैरेट सोना, दोनों ही श्रेणियों में आज 10 रुपए प्रति 10 ग्राम सस्ता हुआ है। इससे पहले एक दिन तक कीमतें स्थिर बनी हुई थीं। गौरतलब है कि, 19 अप्रैल को सोने के दामों में जोरदार उछाल आया था। उस दिन 24 कैरेट सोना 810 रुपए और 22 कैरेट सोना 750 रुपए प्रति 10 ग्राम तक महंगा हुआ था। इसके बाद अक्षय तृतीया के मौके पर बाजार स्थिर रहा, लेकिन अब कीमतों में हल्की गिरावट दर्ज की गई है। वहीं चांदी की बात करें तो इसमें भी गिरावट देखने को मिली है।

दिल्ली में चांदी आज 100 रुपए प्रति किलोग्राम सस्ती होकर करीब 2,74,900 रुपए प्रति किलो के स्तर पर पहुंच गई है। मुंबई और कोलकाता में भी चांदी इसी भाव पर कारोबार कर रही है, जबकि चेन्नई में इसकी कीमत ज्यादा बनी हुई है। विशेषज्ञों के अनुसार, वैश्विक बाजार में उतार-चढ़ाव, पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका के आर्थिक आंकड़ों का असर सोने-चांदी की कीमतों पर पड़ रहा है। आने वाले दिनों में कच्चे तेल की कीमतों और अंतरराष्ट्रीय आर्थिक संकेतकों के आधार पर बाजार की दिशा तय होगी।
