निर्माणाधीन बिल्डिंग की दीवार गिरी, मलबे में दबा परिवार; दंपति और मासूम घायल

Follow Us

कोरबा। मौसम के अचानक बदले मिजाज ने कोरबा में एक परिवार के लिए बड़ी मुसीबत खड़ी कर दी। कुसमुंडा थाना क्षेत्र के प्रेम नगर, कपाटमुडा रोड में देर रात निर्माणाधीन इमारत की दीवार गिरने से पड़ोसी घर में सो रहा परिवार मलबे में दब गया। इस हादसे में पति-पत्नी और उनका मासूम बच्चा घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, देर रात तेज हवा और मौसम में बदलाव के बीच पास में बन रही तीन मंजिला बिल्डिंग की दीवार अचानक भरभराकर गिर पड़ी और सीधे अजय धनवार के घर पर आ गिरी। उस समय परिवार घर के अंदर सो रहा था, जिससे वे ईंट और मलबे के नीचे दब गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मलबा हटाया और तीनों घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि, घायलों को गंभीर चोटें आई हैं।

लेकिन सभी की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। हादसे में घर के अंदर रखा दोपहिया वाहन, फर्नीचर, बर्तन और अन्य घरेलू सामान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मौके पर अब भी ईंटों और मलबे का ढेर लगा हुआ है, जिससे आसपास के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है। प्रारंभिक जांच में निर्माण कार्य में लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है।