पुरानी रंजिश का खौफनाक अंजाम: तलवार-ईंट से हमला, 5 घायल

Follow Us

कोरिया। चरचा थाना क्षेत्र के बाजार पारा में देर रात दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक झड़प में बदल गई। करीब 10 बजे शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते इतना बढ़ गया कि, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर तलवार, लाठी और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। हमले में कुल पांच लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत चरचा के रीजनल अस्पताल और जिला अस्पताल बैकुंठपुर पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। रविवार रात आमना-सामना होते ही कहासुनी बढ़ी और देखते ही देखते झड़प हिंसक हो गई। अचानक हुए हमले से आसपास के लोग घबरा गए और दुकानों व घरों में छिपकर खुद को सुरक्षित किया। सूचना मिलते ही चरचा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। थाना प्रभारी आनंद सोनी ने बताया कि, मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। पूरे मामले की जांच हर एंगल से की जा रही है, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।