दीवारें बता रहीं सच्चाई! बीजापुर स्कूल निर्माण पर उठे भ्रष्टाचार के सवाल

Follow Us

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में निर्माणाधीन स्कूल भवन को लेकर गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप सामने आए हैं। भैरमगढ़ ब्लॉक के चिंगनेर पंचायत में बन रहे इस स्कूल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे मामले को सुर्खियों में ला दिया है। वायरल वीडियो में कथित तौर पर भवन निर्माण की गुणवत्ता बेहद खराब दिखाई दे रही है। वीडियो में देखा जा सकता है कि, दीवारों में इस्तेमाल सामग्री इतनी कमजोर है कि, उसे डंडे से आसानी से तोड़ा जा रहा है। इससे निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के उपयोग और मानकों की अनदेखी की आशंका जताई जा रही है।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि, ठेकेदार और संबंधित जिम्मेदार अधिकारी मिलकर निर्माण में लापरवाही बरत रहे हैं और सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह मामला इसलिए भी गंभीर हो जाता है क्योंकि बस्तर संभाग में नक्सल प्रभाव कम होने के बाद सरकार शिक्षा सुविधाओं को मजबूत करने पर जोर दे रही है। दूरस्थ इलाकों में स्कूल भवनों का निर्माण बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए किया जा रहा है। इधर, मामले को लेकर भैरमगढ़ एसडीएम प्रकाश सार्वे ने कहा है कि, वायरल वीडियो की जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि,पहले यह पुष्टि की जाएगी कि वीडियो में दिख रहा भवन प्राथमिक शाला का है या कोई अन्य निर्माण। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।