महिला आरक्षण पर सियासी संग्राम: विपक्ष पर बरसे CM सम्राट चौधरी, राहुल-तेजस्वी पर कसा तंज

Follow Us

पटना। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को महिला आरक्षण बिल को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि, संसद में इस बिल का पारित न होना नारी शक्ति का अपमान है और इसके लिए विपक्ष को जनता के सामने जवाब देना होगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सम्राट चौधरी ने कहा कि, कांग्रेस, राजद, सपा, टीएमसी और डीएमके जैसे दल इस बिल के खिलाफ एकजुट दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि, जब संसद में यह बिल गिरा तो विपक्षी दलों ने जश्न मनाया, जो उनकी मानसिकता को दर्शाता है।

सीएम ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, बड़े नेताओं के परिवार की महिलाएं तो राजनीति में आगे बढ़ सकती हैं, लेकिन वे गरीब घर की बेटियों को अवसर देने के पक्ष में नहीं हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि, लालू प्रसाद यादव की बेटी और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव की बहन, सपा प्रमुख अखिलेश यादव की पत्नी तथा राहुल गांधी की बहन सांसद बन सकती हैं, लेकिन आम महिलाओं को अवसर नहीं दिया जाता।

उन्होंने कहा कि, अगर यह बिल पास हो जाता तो लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं की भागीदारी काफी बढ़ जाती। उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि, बिहार विधानसभा में महिला विधायकों की संख्या 29 से बढ़कर 122 तक पहुंच सकती थी, जबकि लोकसभा में भी महिला सांसदों की संख्या 272 तक हो सकती थी। सम्राट चौधरी ने कहा कि, एनडीए सरकार महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और पंचायती राज व नगर निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण इसका उदाहरण है।