रायपुर में ट्रैफिक पुलिस की सख्ती: 350 ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर कार्रवाई

Follow Us

रायपुर। यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ई-रिक्शा और ऑटो चालकों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया है। शहर में लगातार मिल रही जाम की शिकायतों को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। पिछले एक सप्ताह से चल रहे इस अभियान में अब तक 350 से अधिक ई-रिक्शा और ऑटो चालकों पर नियमों के उल्लंघन के तहत चालान काटे गए हैं। इन पर बिना लाइसेंस वाहन चलाने, नो पार्किंग में गाड़ी खड़ी करने और रॉन्ग साइड चलने जैसी गलतियों के लिए कार्रवाई की गई। साथ ही, जिन चालकों के ई-चालान लंबित थे, उनसे मौके पर ही भुगतान भी कराया गया। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। रायपुर पुलिस ने सभी चालकों से अपील की है कि वे अपने दस्तावेज अपडेट रखें, यातायात नियमों का पालन करें और समय पर ई-चालान का भुगतान करें, ताकि किसी प्रकार की परेशानी से बचा जा सके। नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।