रायपुर। छत्तीसगढ़ इन दिनों भीषण गर्मी की चपेट में है और हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। प्रदेश के मध्य हिस्सों में तापमान खतरनाक स्तर पर पहुंच चुका है। शनिवार को राजनांदगांव सबसे गर्म रहा, जहां पारा 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं रायपुर और दुर्ग में तापमान 43 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
राजधानी रायपुर में दिन के साथ रातें भी तप रही हैं। न्यूनतम तापमान सामान्य से करीब 5 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही। मौसम विभाग ने रविवार के लिए लू चलने और गर्म रात (Warm Night) की चेतावनी जारी की है। आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री और न्यूनतम 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार प्रदेश में फिलहाल शुष्क मौसम बना रहेगा और अगले 48 घंटों तक गर्मी से राहत मिलने के संकेत नहीं हैं। हालांकि, इसके बाद कुछ इलाकों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा के मुताबिक विभिन्न द्रोणिकाओं और चक्रवाती परिसंचरण के असर से प्रदेश में गर्म हवाएं चल रही हैं। बस्तर संभाग में तापमान में हल्की गिरावट संभव है, लेकिन बाकी इलाकों में लू जैसे हालात बने रहेंगे। फिलहाल, लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
