झारखंड एनकाउंटर: सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता, 4 माओवादी ढेर, ऑपरेशन जारी

Follow Us

जगदलपुर/झारखंड। झारखंड के हजारीबाग और छतरा जिले की सीमा से लगे घने जंगलों में सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच भीषण मुठभेड़ जारी है। इस ऑपरेशन में सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है, जहां अब तक 4 माओवादियों को मार गिराया गया है। घटनास्थल से हथियार और विस्फोटक सामग्री भी बरामद की गई है।

जानकारी के अनुसार, यह संयुक्त ऑपरेशन कुख्यात नक्सली कमांडर मिसिर बेसरा की तलाश में चलाया जा रहा है, जिसे झारखंड में माओवादी नेटवर्क का प्रमुख चेहरा माना जाता है। खुफिया सूचना मिलने के बाद कोबरा (COBRA) बटालियन और अन्य सुरक्षा बलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू किया, जिसके दौरान मुठभेड़ शुरू हो गई।

सुरक्षा बलों ने रणनीतिक तरीके से मोर्चा संभालते हुए नक्सलियों को करारा जवाब दिया। मुठभेड़ अभी भी जारी है और पूरे इलाके को घेरकर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार, ऑपरेशन का मुख्य लक्ष्य मिसिर बेसरा को पकड़ना या निष्क्रिय करना है, जो लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बना हुआ है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं। सुरक्षा एजेंसियां पूरी सतर्कता के साथ अभियान चला रही हैं और आने वाले समय में और बड़ी सफलता मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।