रायपुर। छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 की तैयारियां तेज हो गई हैं। राजधानी रायपुर स्थित मंत्रालय महानदी भवन में मुख्य सचिव विकासशील ने स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया के तहत अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर नागरिकों को इस अभियान से जुड़ने का संदेश दिया। राज्य में 16 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इस दौरान नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपनी जानकारी भर सकते हैं। मुख्य सचिव ने कहा कि, यह पहल जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव गृह मनोज कुमार पिंगुआ और जनगणना निदेशक कार्तिकेय गोयल सहित कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे अधिकारियों ने भी स्वयं पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी दिखाई। मुख्य सचिव ने प्रदेशवासियों से अपील करते हुए कहा कि, अधिक से अधिक लोग इस डिजिटल सुविधा का लाभ उठाएं और अपनी सही जानकारी स्वयं दर्ज करें। उन्होंने बताया कि, स्व-गणना के बाद 1 मई से 30 मई 2026 तक प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करेंगे।

जनगणना के दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिवार से जुड़ी मूलभूत जानकारी दर्ज की जाएगी। जिन लोगों ने पहले ही स्व-गणना कर ली है, उन्हें प्रगणकों के आने पर अपनी SE ID साझा करनी होगी। प्रशासन ने स्पष्ट कहा है कि, यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन स्व-गणना नहीं कर पाता है, तो उसे परेशान होने की जरूरत नहीं है। निर्धारित समय के दौरान प्रगणक उनके घर पहुंचकर जानकारी दर्ज करेंगे। सरकार ने सभी नागरिकों से अपील की है कि, वे इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाकर देश के विकास में अपना योगदान सुनिश्चित करें।
