IPL सट्टा नेटवर्क का पर्दाफाश, लग्जरी कार और आईफोन के साथ 2 आरोपी सलाखों के पीछे

Follow Us

धमतरी। जिले में IPS के रोमांच के बीच सट्टे का काला कारोबार करने वालों पर धमतरी पुलिस ने सर्जिकल स्ट्राइक की है। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के कड़े निर्देश पर ‘जीरो टॉलरेंस’ अभियान के तहत कुरूद पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो शातिर सटोरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है, जो ‘ब्लिससेक्सच’ (BLISSEXCH’) ऐप के जरिए लाखों का दांव लगवा रहे थे।

कुरूद के बीएसएनएल ऑफिस के पास चल रहे इस काले खेल की खबर जैसे ही पुलिस को मिली, टीम ने तत्काल दबिश दी। मौके से जीवन यादव (40 वर्ष) और कौशल साहू (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया गया। ये दोनों आरोपी मोबाइल के जरिए सट्टे का पूरा नेटवर्क ऑपरेट कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से एक सफेद रंग की अर्टिका कार, कीमती आईफोन और नगदी समेत कुल 5.05 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।

पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं। जीवन यादव पर पहले से ही मारपीट, धमकी और जुआ एक्ट के कई मामले दर्ज हैं, वहीं कौशल साहू भी जुआ खिलाने का पुराना खिलाड़ी है। पुलिस ने इनके खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम और बीएनएस की कड़ी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। धमतरी एसपी ने साफ कहा दिया है कि, जिले में सट्टा, जुआ या किसी भी अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हाल ही में सिटी कोतवाली पुलिस ने भी सिहावा चौक पर कार्रवाई कर 83 हजार रुपये जब्त किए थे। जिले में लगातार हो रही इन कार्रवाइयों से सट्टा बाजार में हड़कंप मचा हुआ है।