बिलासपुर। रतनपुर थाना परिसर में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां जांच की जानकारी लेने पहुंचे एक प्रार्थी के साथ एएसआई द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप लगा है। मामले ने तूल पकड़ लिया है और संबंधित पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, विनोद जायसवाल निवासी बनियापारा रतनपुर 12 अप्रैल 2026 को अपने पुराने परिवाद की प्रगति जानने थाने पहुंचे थे। आरोप है कि, इसी दौरान एएसआई दिनेश तिवारी ने सवाल-जवाब से नाराज होकर उनके साथ अभद्रता की और कथित रूप से 15 से 20 थप्पड़ मार दिए। पीड़ित का यह भी आरोप है कि, उन्हें धमकी दी गई और कहा गया कि, “तेरी नेतागिरी निकाल दूंगा और जेल भिजवा दूंगा।”

घटना के समय थाना परिसर में अन्य स्टाफ भी मौजूद था। मामले की जानकारी मिलने पर रतनपुर थाना प्रभारी ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह को सूचित किया। इसके बाद एसएसपी ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित एएसआई को निलंबित कर दिया और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए। पुलिस विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के निर्देश जारी किए हैं। इस घटना के बाद थाना परिसर की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं और विभागीय जांच तेज कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
