ईडी की बड़ी कार्रवाई से हड़कंप: अनिल अंबानी समूह के दो वरिष्ठ सहयोगी गिरफ्तार, बैंक लोन घोटाले की जांच तेज

Follow Us

नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बैंक लोन से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए रिलायंस समूह से जुड़े दो वरिष्ठ अधिकारियों अमिताभ झुनझुनवाला और अमित बापना को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रिलायंस होम फाइनेंस लिमिटेड (RHFL) और रिलायंस कमर्शियल फाइनेंस लिमिटेड (RCFL) से जुड़े कथित ऋण धोखाधड़ी मामले की जांच के तहत की गई है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, इन दोनों कंपनियों पर आरोप है कि, इन्होंने बैंकों और वित्तीय संस्थानों से भारी मात्रा में ऋण लेकर उसे शेल कंपनियों के जरिए इधर-उधर किया। दावा किया जा रहा है कि, इन फंड्स का एक हिस्सा समूह की अन्य कंपनियों तक पहुंचाया गया, जिनमें रिलायंस इंफ्रास्ट्रक्चर, रिलायंस पावर, रिलायंस कम्युनिकेशंस और रिलायंस कैपिटल जैसे नाम शामिल हैं।

ईडी का कहना है कि, कई ऐसी कंपनियों का इस्तेमाल किया गया जिनके पास न तो वास्तविक कारोबार था और न ही वित्तीय क्षमता, लेकिन इनके माध्यम से हजारों करोड़ रुपये का लेन-देन दिखाया गया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस पूरे नेटवर्क के जरिए सार्वजनिक धन के दुरुपयोग की आशंका जताई जा रही है। जांच में यह भी सामने आया है कि, करीब 11,000 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एनपीए (Non-Performing Asset) में बदल गई। इसके अलावा, एजेंसियों ने लगभग 17,000 करोड़ रुपये की संपत्तियों को अटैच किया है, जिनमें कुछ उच्च मूल्य वाली रियल एस्टेट संपत्तियां भी शामिल हैं। मामले में सीबीआई की एफआईआर और एलआईसी की शिकायत को भी आधार बनाया गया है, जिसमें कथित साजिश, धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के आरोप शामिल हैं। फिलहाल जांच जारी है और एजेंसियां पूरे वित्तीय नेटवर्क की परतें खंगालने में जुटी हुई हैं।