ओजस श्रीवास्तव ने 500 में 499 अंक लेकर रचा कीर्तिमान

Follow Us

राजनांदगांव । जिले के छात्र ओजस श्रीवास्तव ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की कक्षा 10वीं परीक्षा में 500 में से 499 अंक हासिल कर शानदार उपलब्धि दर्ज की है। इस परिणाम ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे शहर का नाम रोशन किया है। युगांतर पब्लिक स्कूल में अध्ययनरत ओजस, रिद्धि-सिद्धी कालोनी फेस-टू के निवासी हैं। उन्होंने अपनी मेहनत और अनुशासन से यह सफलता अर्जिंत की है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही उनके घर में खुशी का माहौल बन गया और परिजनों व आसपास के लोगों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी। ओजस की सफलता के पीछे उनकी नियमित और सुनियोजित पढ़ाई रही। उन्होंने परीक्षा से काफी पहले ही तैयारी शुरू कर दी थी और रोजाना 6 से 7 घंटे पढ़ाई करते थे। खास बात यह रही कि उन्होंने पारंपरिक पढ़ाई के साथ-साथ डिजिटल माध्यमों का भी पूरा उपयोग किया। यूट्यूब और आनलाइन प्लेट फार्म्स के जरिए उन्होंने विषयों को बेहतर ढंग से समझा और अपनी तैयारी को मजबूत किया।

ओजस के पिता डा.अजय कुमार श्रीवास्तव, मनकी स्थित छत्तीसगढ़ आयुर्वेद मेडिकल कालेज में प्राचार्य हैं, जबकि उनकी माता प्रज्ञा सक्सेना आयुर्वेद चिकित्सा अधिकारी हैं। शिक्षित और प्रेरणादायक पारिवारिक वातावरण ने भी ओजस की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। ओजस की इस उपलब्धि ने यह साबित कर दिया है कि सही रणनीति, मेहनत और आधुनिक तकनीक का संतुलित उपयोग किसी भी लक्ष्य को हासिल करने में मददगार साबित हो सकता है। उनकी सफलता अन्य छात्रों के लिए भी प्रेरणा बन गई है, जो आने वाले समय में बेहतर परिणाम हासिल करने का सपना देख रहे हैं।