रायपुर। प्रदेश में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में कैबिनेट बैठक शुरू हो गई है। यह बैठक मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित की जा रही है, जिसमें राज्य के कई महत्वपूर्ण विभागों से जुड़े प्रस्तावों और योजनाओं पर चर्चा की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा के साथ-साथ नई योजनाओं को लेकर अहम निर्णय लिए जा सकते हैं। खासकर बस्तर क्षेत्र के विकास को लेकर सरकार कोई बड़ा कदम उठा सकती है। “बस्तर रोडमैप 2.0” के तहत रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास पर विशेष फोकस रहने की संभावना है।
इसके अलावा औद्योगिक विकास और राज्य में निवेश बढ़ाने के मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य नए उद्योगों को आकर्षित कर युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना बताया जा रहा है। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति रिपोर्ट पर भी चर्चा की जा रही है और आगामी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की जा रही है। प्रशासनिक स्तर पर कई नीतिगत फैसलों पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है। यह कैबिनेट बैठक राज्य के विकास एजेंडे के लिए बेहद अहम मानी जा रही है, जिससे आने वाले समय में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
