सीमा पार से हथियारों की तस्करी का भंडाफोड़: अत्याधुनिक पिस्तौल के साथ 6 तस्कर दबोचे गए।

Follow Us

चंडीगढ़। अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए सीमा पार अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके कब्जे से 6 अत्याधुनिक पिस्तौलें बरामद की हैं। पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने इस कार्रवाई की जानकारी सोशल मीडिया पर साझा की। डीजीपी के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पता चला कि गिरफ्तार आरोपी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों के संपर्क में थे और अवैध हथियारों की तस्करी में मदद कर रहे थे। इन हथियारों को पंजाब के आपराधिक तत्वों तक पहुंचाने से पहले ही पुलिस ने पकड़ लिया। अमृतसर के कैंटोनमेंट पुलिस स्टेशन में शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की जांच जारी है ताकि पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाया जा सके और उसे समाप्त किया जा सके। गौरव यादव ने कहा कि पंजाब पुलिस अवैध हथियारों, संगठित अपराध और राष्ट्रविरोधी गतिविधियों के खिलाफ शून्य-सहिष्णुता नीति के तहत काम कर रही है, ताकि राज्य सुरक्षित रहे। उल्लेखनीय है कि इससे पहले 8 अप्रैल को भी अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बॉर्डर पार से हथियार तस्करी करने वाले एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया था। उस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया था। तलाशी के दौरान 7 एडवांस पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई थी। ये आरोपी भी सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तान स्थित तस्करों से जुड़े थे। अटारी सेक्टर के बॉर्डर इलाके में चल रही इस तस्करी के खिलाफ छेहरटा थाना, अमृतसर में केस दर्ज किया गया था। पुलिस अब पूरे नेटवर्क का पता लगाने और इसे समाप्त करने के लिए काम कर रही है।