मिनी हाइवा और ट्रक की आमने-सामने भीषण भिड़ंत, मलबे में तब्दील हुए वाहन, हादसे में तीन की मौत

Follow Us

अभनपुर। रायपुर जिले के गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र में बीती रात एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी। यह दर्दनाक भिड़ंत नवापारा-अभनपुर मुख्य मार्ग पर स्थित बजरंगपुर टोल नाका के पास रात करीब 1:30 बजे हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक तेज रफ्तार मिनी हाइवा और ट्रक के बीच आमने-सामने की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी। टक्कर के बाद दोनों ही वाहनों के अगले हिस्से पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गए और उनमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए।

हादसे की सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। लोहे के केबिन में फंसे लहूलुहान घायलों को निकालने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। गैस कटर और क्रेन की मदद से कड़ी मेहनत के बाद तीनों घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोबरा नवापारा भेजा गया।

आपको बता दें ,चोटें इतनी गंभीर थीं कि, अस्पताल में इलाज के दौरान तीनों ने दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान 65 वर्षीय भागवत राम साहू (निवासी पारागांव), 19 वर्षीय सुमित यादव (निवासी नवागांव, कुरूद) और 22 वर्षीय दीपक पटेल (निवासी कातलबोड़, कुरूद) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि, हादसा किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ या फिर ड्राइवर की लापरवाही इसकी वजह थी।