बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में चैन स्नैचिंग की एक अनोखी घटना सामने आई है, जहाँ एक बस कंडक्टर की सूझबूझ ने बदमाशों के भागने के सारे रास्ते बंद कर दिए। भाटापारा से बलौदाबाजार आ रही राधेश्याम बस सर्विस की बस में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला यात्री टाकेश्वरी साहू को अहसास हुआ कि,उनके गले से सोने की चेन गायब है।
टाकेश्वरी अपने मायके ग्राम रवान जाने के लिए बस में सवार हुई थीं, लेकिन उतरने से ठीक पहले उन्होंने पाया कि, कोई शातिर स्नैचर उनकी कीमती चेन पार कर चुका है। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी बस परिचालक दीपक ठाकुर को दी। आमतौर पर ऐसी घटनाओं में आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर गायब हो जाते हैं, लेकिन कंडक्टर ने बिना समय गंवाए पूरी की पूरी बस को सीधे कोतवाली थाने के भीतर ले जाकर खड़ा कर दिया।
थाने में यात्रियों से भरी बस को देख पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, लेकिन जैसे ही चेन चोरी की बात सामने आई, कोतवाली थाना प्रभारी लखेश केंवट के नेतृत्व में जांच टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने बस के दरवाजे बंद करवाकर सभी यात्रियों की तलाशी और पूछताछ शुरू कर दी है। संदिग्ध यात्रियों, विशेषकर कुछ संदिग्ध महिलाओं के नाम-पते नोट कर उनसे गहन पूछताछ की जा रही है।
कंडक्टर की इस सूझबूझ की पूरे शहर में चर्चा हो रही है, क्योंकि उसने बस को बीच रास्ते में रोकने या यात्रियों को उतरने देने के बजाय कानून की मदद लेना बेहतर समझा। पुलिस का मानना है कि, चेन स्नैचर अभी भी बस के भीतर ही हो सकता है, इसलिए बारीकी से जांच की जा रही है। इस घटना ने बस में सफर करने वाले अन्य यात्रियों को भी सतर्क कर दिया है, वहीं पीड़ित महिला ने जल्द से जल्द अपनी चेन वापस मिलने की उम्मीद जताई है।
