चर्चित हत्याकांड का आरोपी अब खुद बना ‘शिकार’! हरदा जेल में मौत के बाद परिजनों का हंगामा, लगाया हत्या का आरोप

Follow Us

हरदा। मध्यप्रदेश के हरदा जिले की उपजेल से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहाँ चर्चित मोहित गौर हत्याकांड के मुख्य आरोपी नागेश मलाजपुरे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। 30 वर्षीय नागेश पिछले 10 महीनों से सलाखों के पीछे था, लेकिन सोमवार रात उसकी अचानक मौत ने जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 9:30 बजे नागेश की तबीयत बिगड़ने का हवाला देते हुए जेल प्रबंधन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुँचा, जहाँ परीक्षण के उपरांत डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह जब शव का पंचनामा कर परिजनों को सौंपा गया, तो अस्पताल परिसर में भारी गहमागहमी और आक्रोश का माहौल देखने को मिला।

मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर बेहद गंभीर और चौंकाने वाले आरोप लगाए हैं। परिजनों ने कहना कि, नागेश स्वस्थ था, लेकिन जेल के भीतर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई है। उन्होंने इसे एक सोची-समझी हत्या करार देते हुए मांग की है कि, पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष न्यायिक जांच कराई जाए। हालांकि, जेल प्रबंधन और पुलिस प्रशासन फिलहाल इस मामले में चुप्पी साधे हुए है और केवल जांच प्रक्रिया शुरू होने की बात कह रहा है।

दूसरी ओर, जिले में महू में अंबेडकर जयंती के दौरान हुए बवाल और पुलिस की बदसलूकी की खबरों के बीच इस मौत ने कानून-व्यवस्था पर दबाव और बढ़ा दिया है। अब सभी की नजरें पीएम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जो इस रहस्यमयी मौत के पीछे की असली वजह का खुलासा करेगी। प्रशासन ने तनाव को देखते हुए अस्पताल और संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बल तैनात कर दिया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।