बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है, जहाँ एक 11 साल की मासूम बच्ची के साथ पड़ोस के ही एक दुकानदार ने दुष्कर्म करने का प्रयास किया। घटना उस वक्त हुई जब मासूम आरोपी की दुकान पर आइसक्रीम खरीदने गई थी। आरोपी की पहचान 56 वर्षीय रवि शंकर सिन्हा के रूप में हुई है, जिसने बच्ची को अकेला पाकर उसे बहला-फुसलाकर और बेहतर आइसक्रीम देने के बहाने अपने घर के अंदर खींच लिया। घर के भीतर आरोपी ने मासूम के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी और गलत नीयत से दरिंदगी करने की कोशिश की, लेकिन मासूम ने अदम्य साहस और सजगता का परिचय दिया। वह आरोपी के चंगुल से किसी तरह छूटकर बाहर भागी और सीधे अपने घर पहुँचकर परिजनों को आपबीती सुनाई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए परिजनों ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर बालोद पुलिस ने त्वरित एक्शन लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) मोनिका ठाकुर ने बताया कि, शिकायत मिलते ही पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी रवि शंकर सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
एएसपी ने इस मामले में पीड़िता की हिम्मत की सराहना करते हुए कहा कि, बच्ची की जागरूकता की वजह से ही आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो पाया। पुलिस विभाग द्वारा लगातार स्कूलों में चलाए जा रहे ‘गुड टच-बैड टच’ जागरूकता अभियानों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है, जिससे बच्चे ऐसे खतरों को पहचान कर समय पर अपनी आवाज उठा रहे हैं। प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि, वे बच्चों से निरंतर संवाद बनाए रखें ताकि ऐसी घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके।
