CG Weather Alert :उत्तर-पश्चिमी हवाओं का असर, तेजी से चढ़ेगा तापमान, अलर्ट जारी

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी का असर तेजी से बढ़ने लगा है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। बीते दो दिनों में प्रदेश के मध्य हिस्सों में इसका असर साफ दिखाई दिया है और बिना कूलर-एसी के रहना मुश्किल होता जा रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को प्रदेश का मौसम शुष्क रहा। राजनांदगांव सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि, उत्तर-पश्चिम से लगातार गर्म हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिससे अगले दो दिनों में तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। खासकर दुर्ग और रायपुर संभाग में गर्मी का असर ज्यादा देखने को मिल रहा है।

14 अप्रैल को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 15 अप्रैल से प्रदेश के मध्य भागों में हीट वेव जैसी स्थिति बनने के आसार हैं। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

राजधानी रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। लगातार बढ़ती गर्मी को देखते हुए स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं।