महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से मजबूत होगा लोकतंत्र – मुख्यमंत्री साय

Follow Us

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महिला सशक्तिकरण को देश की प्रगति का आधार बताते हुए कहा कि, महिला आरक्षण केवल एक कानून नहीं, बल्कि सामाजिक बदलाव की मजबूत पहल है। राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में ‘नारी शक्ति वंदन सम्मेलन’ के दौरान प्रधानमंत्री के उद्बोधन को सुनने के बाद उन्होंने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि, “पंचायत से पार्लियामेंट तक” महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करना नए भारत की पहचान है। निर्णय प्रक्रिया में महिलाओं की सीधी भागीदारी से न केवल लोकतंत्र मजबूत होगा, बल्कि विकास की दिशा भी अधिक समावेशी बनेगी। उन्होंने आगामी चर्चा को इस दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

साय ने कहा कि, भारतीय संस्कृति में नारी को हमेशा सम्मान मिला है और आज सरकार की योजनाएं इस परंपरा को आधुनिक स्वरूप दे रही हैं। छत्तीसगढ़ में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए स्थानीय निकायों में 50 प्रतिशत आरक्षण और ‘महतारी वंदन योजना’ जैसे प्रयास प्रभावी साबित हो रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि, ‘महतारी गौरव वर्ष’ के अवसर पर प्रदेश में महिलाओं की भूमिका और अधिक सशक्त रूप में उभर रही है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं से आह्वान किया कि, वे हर क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी निभाएं और अपनी आवाज को मजबूती से रखें। अंत में उन्होंने कहा कि, जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं, तभी राष्ट्र सशक्त बनता है और यही विकसित भारत की असली पहचान है।