NH-30 हादसा: महिंद्रा बस और ट्रक आमने-सामने भिड़े,12 यात्री घायल,ड्राइवर फंसा

Follow Us

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव जिले में नेशनल हाईवे-30 पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक यात्री बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में 12 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं, जबकि बस चालक गंभीर रूप से फंस गया, जिसे निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।यह घटना केशकाल थाना क्षेत्र के ग्राम खालेमुरवेंड के पास हुई।

जानकारी के मुताबिक, महिंद्रा बस रायपुर से यात्रियों को लेकर जगदलपुर की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक से उसकी आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि, दोनों वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गए और पास में खड़े एक पेड़ से जा टकराए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची और घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। बस चालक वाहन के केबिन में बुरी तरह फंस गया था, जिसे बाहर निकालने के लिए कड़ी मशक्कत की जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।