रायपुर। राजधानी रायपुर में ठगी का एक नया तरीका सामने आया है, जिसमें एक कारोबारी को टायर सस्ते में दिलाने का झांसा देकर 2.17 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली गई। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है, जहां पीड़ित ने पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। कबीर नगर निवासी जोगिंदर पाल सिंह नंदा ने पुलिस को बताया कि उनकी टाटीबंध इलाके में टायर की दुकान है। 10 अप्रैल 2026 को दोपहर करीब 3:17 बजे उनके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का कॉल आया। कॉलर ने खुद को एमआरएफ कंपनी से जुड़ा कर्मचारी बताया और कम कीमत में टायर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। सस्ती दर सुनकर कारोबारी ने टायर खरीदने में रुचि दिखाई।
आपको बता दें की शुरुआत में आरोपी ने एडवांस भुगतान की मांग की, लेकिन कारोबारी ने पहले माल मंगवाने की बात कही। कुछ देर बाद आरोपी ने टायर दुकान तक भिजवा दिए। माल पहुंचने के बाद आरोपी ने अपने बताए बैंक खाते में पैसे जमा करने के लिए कहा। भरोसा होने पर कारोबारी ने सीडीएम (कैश डिपॉजिट मशीन) के जरिए चार बार में कुल 2,17,500 रुपए जमा कर दिए। राशि HDFC बैंक के ‘अनन्या ट्रेडर्स’ नाम के खाते में जमा की गई। भुगतान के तुरंत बाद जब टायर उतारे जा रहे थे, तब गाड़ी के ड्राइवर ने बताया कि उसके मालिक को अब तक कोई भुगतान नहीं मिला है। यह सुनकर कारोबारी के होश उड़ गए। वहीं पीड़ित कारोबारी की शिकायत पर आमानाका पुलिस ने मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार संबंधित खाते जिसमें पैसा ट्रांसफर किया है, उसकी जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
