रायपुर। राजधानी रायपुर स्थित कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय राजीव भवन में आज जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। बैसाखी के दिन हुए इस ऐतिहासिक और दर्दनाक नरसंहार को याद करते हुए कार्यक्रम का आयोजन किया गया है, जिसमें निहत्थे भारतीयों पर हुई ब्रिटिश फायरिंग में शहीद हुए सैकड़ों लोगों को नमन किया जाएगा।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस के विभिन्न संगठन भी शामिल होंगे। महिला कांग्रेस, युवा कांग्रेस, NSUI सहित कई प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान शहीदों की स्मृति में मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी और उनके बलिदान को याद किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ में जनगणना 2027 को लेकर भी महत्वपूर्ण गतिविधियां तेज हो गई हैं। पहले चरण में स्व-गणना प्रक्रिया की शुरुआत कर दी गई है, जिससे लोगों को डिजिटल माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज करने की सुविधा मिलेगी।
इसी विषय पर जागरूकता बढ़ाने के लिए आज दोपहर 12 बजे पुराना सर्किट हाउस में एक प्रेसवार्ता आयोजित की जाएगी। इस प्रेसवार्ता को अतिरिक्त मुख्य सचिव मनोज कुमार पिंगुआ संबोधित करेंगे, जबकि निदेशक कार्तिकेय गोयल भी मौजूद रहेंगे। सरकार का उद्देश्य है कि, जनगणना प्रक्रिया को लेकर आम जनता तक सही और समय पर जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग ले सकें और यह प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो सके।
