सीएम साय का सुकमा विजिट: अटल आरोग्य लैब, VR लैब और विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण

Follow Us

रायपुर/सुकमा। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को सुकमा जिले के दौरे पर रहेंगे, जहां वे कई महत्वपूर्ण विकास और स्वास्थ्य से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होंगे। इसके साथ ही वे रायपुर में भी आयोजित एक अहम राष्ट्रीय कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सुबह 11:35 बजे पुलिस ग्राउंड से सुकमा के लिए रवाना होंगे। दोपहर 1:05 बजे वे सुकमा पहुंचेंगे, जहां उनका पहला कार्यक्रम जिला चिकित्सालय में होगा। यहां वे 1:20 बजे अटल आरोग्य लैब का उद्घाटन करेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है।

इसके बाद मुख्यमंत्री जिला पुनर्वास केंद्र के साइंस पार्क में VR लैब, STEM लैब और नालंदा परिसर भवन निर्माण का भूमिपूजन करेंगे। साथ ही इमली प्रसंस्करण यूनिट का भी शुभारंभ किया जाएगा, जिससे स्थानीय किसानों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लाभ मिलेगा। दोपहर 2:20 बजे मुख्यमंत्री मिनी स्टेडियम सुकमा में आयोजित “मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बस्तर अभियान” के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इस दौरान जिले में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया जाएगा। सुकमा दौरे के बाद मुख्यमंत्री रायपुर लौटेंगे, जहां वे IIIT नवा रायपुर में आयोजित “MY Bharat Budget Quest 2026” के समापन समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम युवाओं और शिक्षा से जुड़े नवाचारों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया गया है।