छत्तीसगढ़ में गर्मी का कहर: रायपुर 41°C, 15 अप्रैल से हीटवेव की संभावना

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ रहा है और लोगों को तेज धूप व उमस का सामना करना पड़ रहा है। रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान रायपुर में दर्ज किया गया, जहां पारा 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं बिलासपुर और राजनांदगांव में भी तापमान 40 डिग्री के आसपास रहा, जिससे लोगों को दिनभर गर्मी की मार झेलनी पड़ी।

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम पूरी तरह शुष्क बना हुआ है और पिछले 24 घंटों में कहीं भी बारिश नहीं हुई। न्यूनतम तापमान की बात करें तो अंबिकापुर में 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा। मौसम विशेषज्ञ एचपी चंद्रा ने जानकारी दी है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश में तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है।

उन्होंने बताया कि, एक द्रोणिका उत्तर पश्चिम बिहार से मणिपुर तक लगभग 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक फैली हुई है, जिसका असर मौसम पर पड़ रहा है।विशेषज्ञों के अनुसार 13 अप्रैल तक मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन इसके बाद तापमान और बढ़ेगा। खासकर मध्य छत्तीसगढ़ में 15 अप्रैल से हीटवेव यानी लू चलने की संभावना जताई गई है, जिससे स्थिति और गंभीर हो सकती है। मौसम विभाग ने रायपुर में आज आसमान साफ रहने की संभावना जताई है और अधिकतम तापमान 41 डिग्री तथा न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान लगाया है। प्रशासन ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।