स्टंट के जुनून में कानून बेपरवाह: फेयरवेल पर छात्रों की खतरनाक रीलबाजी, तीन जिलों में हड़कंप

Follow Us

रायपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट की सख्त चेतावनी के बावजूद सड़कों पर स्टंटबाजी थमने का नाम नहीं ले रही है। सोशल मीडिया पर छात्रों के खतरनाक स्टंट के तीन नए वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें चलती कार की खिड़कियों से बाहर लटकना, बोनट पर बैठकर एंट्री करना और हाईवे पर हूटर बजाते हुए रील बनाना शामिल है। ये घटनाएं जांजगीर-चांपा, सूरजपुर और धरसींवा क्षेत्रों से सामने आई हैं।

पहला मामला सूरजपुर जिले के विश्रामपुर स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल का है। यहां फेयरवेल पार्टी में शामिल होने के लिए छात्र पांच चारपहिया वाहनों में सवार होकर नेशनल हाईवे से गुजरे। इस दौरान छात्र कार की खिड़कियों से बाहर लटकते हुए और खड़े होकर हूटर बजाते नजर आए। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया गया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

सूचना मिलते ही विश्रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्टंट में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो, क्रेटा, डस्टर और किया सेल्टॉस सहित पांच वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस के अनुसार, ये वाहन छात्रों के परिजनों के थे और वाहन छात्र ही चला रहे थे। वाहन चालकों के मौके पर नहीं मिलने पर वाहन मालिकों को थाने बुलाकर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।

दूसरा मामला जांजगीर-चांपा जिले के खैरताल स्थित जीएलडी स्कूल का है। यहां 4 फरवरी को आयोजित फेयरवेल पार्टी के दौरान छात्र-छात्राएं कार के बोनट पर बैठकर और खिड़कियों से बाहर लटककर स्कूल परिसर में एंट्री करते दिखाई दिए। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो के आधार पर नवागढ़ पुलिस ने वाहनों की पहचान कर चालकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। प्रत्येक वाहन चालक पर 2800 रुपये का चालान काटा गया और भविष्य में इस तरह की लापरवाही न करने की सख्त हिदायत दी गई।

तीसरा मामला धरसींवा क्षेत्र के नगर पंचायत कुंरा स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल का है। यहां भी फेयरवेल कार्यक्रम के दौरान कुछ छात्र चलती कार की खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर स्टंट करते नजर आए। छात्र कार में खड़े होकर हाथ लहराते और जश्न मनाते दिखे। कुछ छात्र हॉकी स्टिक लेकर नाचते हुए भी नजर आए। स्थानीय लोगों ने इस मामले में जांच और कार्रवाई की मांग की है, हालांकि अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।

लगातार सामने आ रहे इन मामलों ने प्रशासन और पुलिस की चिंता बढ़ा दी है। युवाओं में सोशल मीडिया पर वायरल होने और रील्स बनाने का बढ़ता क्रेज उन्हें जान जोखिम में डालने पर मजबूर कर रहा है। इससे पहले भी रतनपुर रोड पर नेशनल हाईवे रोककर तलवार से केक काटने, मस्तूरी रोड पर गाड़ियों के काफिले में दरवाजे से बाहर निकलकर रील बनाने और पुराने रिवरव्यू इलाके में बाइक स्टंट के वीडियो सामने आ चुके हैं। इन घटनाओं पर छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने कड़ी नाराजगी जताते हुए सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे, इसके बावजूद स्टंटबाजी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।