रायपुर। प्रार्थी अब्दुल अलीम ने थाना टिकरापारा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह डुमतराई, रायपुर में रहता है तथा बस ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। बस का संचालन एवं देखरेख का कार्य प्रार्थी द्वारा किया जाता है। शुक्रवार को शाम करीब 07ः30 बजे बस का चालक नया बस स्टैंड भाठागांव में उक्त बस को खड़ी कर बस की चाबी चालक सीट के नीचे रखकर रात में सोने के लिए अपने घर चला गया। दूसरे दिन शनिवार को सुबह करीब 08ः00 बजे चालक ने प्रार्थी को फोन कर बताया कि बस खड़ी किए गए स्थान पर नहीं है। इस पर प्रार्थी नया बस स्टैंड भाठागांव पहुंचकर बस की तलाश किया, लेकिन बस नहीं मिली। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 197/2026 धारा 305 बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
घटना को पुलिस उपायुक्त (पश्चिम जोन) संदीप कुमार पटेल एवं पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला द्वारा गंभीरता से लेते हुए अधीनस्थ अधिकारियों एवं प्रभारियों को अज्ञात आरोपी की शीघ्र पतासाजी कर गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एण्टी क्राइम एण्ड साइबर यूनिट तथा थाना टिकरापारा पुलिस की संयुक्त टीम का गठन कर तत्काल कार्यवाही प्रारंभ की गई। टीम द्वारा सर्वप्रथम घटनास्थल पहुंचकर स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। इसके पश्चात प्रार्थी, बस के चालक सहित आसपास के दुकानदारों, बस स्टैंड में कार्यरत कर्मचारियों एवं अन्य लोगों से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की गई तथा अज्ञात आरोपी की पतासाजी प्रारंभ की गई।
टीम द्वारा घटनास्थल तथा उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का बारीकी से अवलोकन किया गया। फुटेज के विश्लेषण में यह पाया गया कि एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बस को स्वयं चलाते हुए वहां से ले जाया गया है। इसके बाद पुलिस टीम ने आरोपी द्वारा भागने के संभावित मार्गों का पता लगाने के लिए क्रमबद्ध तरीके से उन सभी मार्गों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेजों का अध्ययन किया, जिन मार्गों से बस को ले जाया जा रहा था। साथ ही बस में लगे फास्टैग के आधार पर विभिन्न टोल प्लाजा से भी बस के आवागमन संबंधी जानकारी एकत्र की गई। इस दौरान तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण तथा संभावित मार्गों के आधार पर आरोपी की गतिविधियों का क्रमबद्ध तरीके से पता लगाया गया। पुलिस टीम द्वारा लगातार तकनीकी विश्लेषण, स्थानीय स्तर पर पूछताछ एवं मुखबिर सक्रिय कर आरोपी की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान प्राप्त तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई जिसके आधार पर आरोपी की पहचान मनबोध रात्रे उर्फ टेटू निवासी गेवरा बस्ती जिला कोरबा के रूप में की गई।
सघन पतासाजी एवं प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम को जिला जांजगीर-चांपा के अकलतरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरौंद में आरोपी के होने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के आधार पर तत्काल घेराबंदी कर आरोपी मनबोध रात्रे उर्फ टेटू को पकड़ने में सफलता प्राप्त की गई।
पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि वह नया बस स्टैंड भाठागांव में हेल्पर का कार्य करता है तथा बस स्टैंड में आने-जाने वाली बसों की गतिविधियों से परिचित है। दिनांक घटना के समय उसने देखा कि संबंधित बस में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था तथा बस की चाबी चालक सीट के नीचे रखी हुई थी। मौके का फायदा उठाकर उसने बस की चाबी उठाई और बस को स्वयं चलाते हुए वहां से चोरी कर ले गया।
प्रकरण में आरोपी मनबोध रात्रे उर्फ टेटू को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से *चोरी की बस क्रमांक सी जी 07 ई 0782 कीमती लगभग 10,00,000/- रूपये* जप्त कर आरोपी के विरूद्ध कार्यवाही किया गया।
गिरफ्तार आरोपी –
मनबोध रात्रे उर्फ टेटू पिता लक्ष्मी नारायण रात्रे उम्र 24 साल निवासी गेवरा बस्ती थाना कुसमुण्डा जिला कोरबा (छ.ग.)।
कार्यवाही में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट से प्रभारी निरीक्षक सचिन सिंह, सउनि. मंगलेश्वर सिंह परिहार, प्र.आर. गुरूदयाल सिंह, आर. राकेश सोनी, तुकेश निषाद, भूपेन्द्र मिश्रा, अजय चौधरी तथा थाना टिकरापारा से उपनिरीक्षक बालेश्वर लहरे, अरूण ध्रुव एवं दया शर्मा की महत्वपूर्ण भूमिंका रहीं।
