रायपुर। भारत में लगातार टी 20 सीरीज की धूम के साथ अब भारत के 6वीं बार अंडर-19 विश्व कप विजेता बनने पर सीएम विष्णु देव साय और मंत्री ओपी चौधरी ने खुशी जताते हुए शुभकामनाएं और बधाई दी। सीएम विष्णुदेव साय के सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि अंडर-19 विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए भारतीय युवा टीम ने इंग्लैंड को हराकर देश को गौरवान्वित किया है। वहीं उन्होंने लिखा इस ऐतिहासिक जीत पर पूरी टीम को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। साथ ही सीएम साय ने पोस्ट में आगे लिखा गया कि विशेष रूप से युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर न केवल मैच को भारत के पक्ष में मोड़ा, बल्कि अपनी प्रतिभा और आत्मविश्वास से दुनिया भर में भारतीय क्रिकेट की नई ताकत का परिचय दिया। उनका यह प्रदर्शन आने वाली पीढ़ियों के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। यह जीत भारतीय युवाओं की क्षमता, अनुशासन और समर्पण का प्रतीक है। हमें विश्वास है कि हमारी युवा टीम भविष्य में भी इसी जोश और जज़्बे के साथ देश का नाम विश्व पटल पर रोशन करती रहेगी। वहीं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने अंडर-19 वर्ल्ड में भारत की जीत को ऐतिहासित बताते हुए सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट किया। उन्होंने लिखा कि ICC अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड को धूल चटाकर हमारे लड़कों ने स्वर्णिम इतिहास रच दिया। वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार बल्लेबाजी और सभी खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन से मिली यह जीत ऐतिहासिक है। विजेता भारतीय अंडर-19 टीम के प्रत्येक सदस्य का हार्दिक अभिनंदन। हमें आप पर गर्व है। आपको बता दें की भारतीय टीम ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब में टॉस जीतकर बैटिंग चुनी। इंडिया ने 50 ओवर में 9 विकेट पर 411 रन बनाए।
अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत का परचम; CM साय और मंत्री ओपी चौधरी ने युवा जांबाज खिलाड़ियों को दी बधाई
