आज हरे निशान पर खुला भारतीय शेयर बाजार; सेंसेक्स 1610 अंक चढ़ा, निफ्टी 23400 के हुआ पार

Follow Us

नई दिल्ली। हफ्ते के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार भारतीय शेयर बाजार हरे निशान पर खुला। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1610.04 अंक चढ़कर 75,678.49 अंक पर आ गया। वहीं निफ्टी 505.20 अंक चढ़कर 23,417.60 अंक पर आ गया। जहां सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 885.32 अंक बढ़कर 74,953.77 पर पहुंच गया; निफ्टी 307.65 अंक बढ़कर 23,220.05 पर पहुंच गया। शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 20 पैसे गिरकर 93.96 पर आ गया। वहीं वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भारतीय शेयर बाजार में सतर्क आशावाद देखने को मिल रहा है। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि सकारात्मक संकेतों के बावजूद निवेशकों की नजर भू-राजनीतिक हालात पर टिकी हुई है, जिससे उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

आपको बता दें की बैंकिंग और मार्केट एक्सपर्ट अजय बग्गा ने कहा कि अगले दिन बाजार अवकाश होने के कारण निवेशकों का रुख सतर्क रहेगा और बाजार में अस्थिरता बनी रह सकती है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर शांति की उम्मीदों के बीच बाजार बेहद संवेदनशील स्थिति में हैं और किसी भी बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि जमीनी हालात अभी भी तेजी से बदल रहे हैं। इस्राइल और ईरान के बीच मिसाइल हमले जारी हैं, जबकि अमेरिका क्षेत्र में सैनिकों की तैनाती बढ़ा रहा है। ऐसे में बाजार केवल बयानों के बजाय वास्तविक प्रगति पर नजर रखेंगे। वैश्विक संकेतों की बात करें तो अमेरिकी फ्यूचर्स और एशियाई बाजारों में तेजी देखी गई है। इसकी मुख्य वजह संभावित एक महीने के युद्धविराम की उम्मीदें हैं। साथ ही, अमेरिका द्वारा ईरान के ऊर्जा ढांचे पर हवाई हमले रोकने के फैसले ने भी निवेशकों के भरोसे को कुछ मजबूती दी है।

हालांकि, स्थिति अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं है। जहां अमेरिका शांति वार्ता का दावा कर रहा है, वहीं ईरान ने किसी भी तरह की बातचीत से इनकार किया है। ऐसे में बाजार फिलहाल उम्मीद और अनिश्चितता के बीच झूलते नजर आ रहे हैं। एशियाई बाजारों में, जापान का निक्केई 225 2.20 प्रतिशत बढ़कर 53402 पर पहुंच गया, सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स 0.44 प्रतिशत बढ़कर 4883 पर पहुंच गया, हांगकांग का हैंग सेंग सूचकांक 0.23 प्रतिशत बढ़कर 25134 पर पहुंच गया, ताइवान का भारित सूचकांक 2.68 प्रतिशत बढ़कर 33485 पर पहुंच गया और दक्षिण कोरिया का कोस्पी 1.60 प्रतिशत बढ़कर 5642 पर पहुंच गया। इसके विपरीत, अमेरिकी बाजार मंगलवार को गिरावट के साथ बंद हुए। डाउ जोन्स 0.18 प्रतिशत गिरकर 46124 पर, एसएंडपी 500 0.37 प्रतिशत गिरकर 6556 पर और नैस्डैक 0.84 प्रतिशत गिरकर 21761 पर बंद हुआ। कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के संकेत दिखे, ब्रेंट क्रूड 4.78 प्रतिशत गिरकर 99 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गया, जिससे वैश्विक बाजारों को कुछ राहत मिली। कमोडिटी सेगमेंट में, सोने की कीमतों में तेजी से उछाल आया और 24 कैरेट सोने की कीमत 3.37 प्रतिशत बढ़कर 143600 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। चांदी की कीमतों में भी 4.82 प्रतिशत की वृद्धि हुई और यह 234542 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।