रायपुर। UPSC पास होनहार युवाओं से वीडियो कॉल पर CM साय ने बात की। सीएम ने X पोस्ट में लिखा, हमारे प्रदेश के होनहार युवाओं ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की परीक्षा में शानदार सफलता प्राप्त की है। इन प्रतिभावान युवाओं में से कुछ बेटे-बेटियों से वीडियो कॉल के माध्यम से संवाद किया। सभी के चेहरों पर मेहनत, धैर्य और लगन की चमक साफ दिखाई दे रही थी। सभी चयनित युवाओं को हृदय से बधाई और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए ढेरों शुभकामनाएँ देता हूँ। मुझे विश्वास है कि ये सभी युवा अपनी प्रतिभा और समर्पण से देश और प्रदेश की सेवा में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने पोस्ट पर लिखा – संघ लोक सेवा आयोग की सिविल सेवा परीक्षा 2025 में सफलता प्राप्त करने वाले छत्तीसगढ़ के सभी अभ्यर्थियों को मेरी ओर से हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ। छत्तीसगढ़ के होनहार बेटे-बेटियों वैभवी अग्रवाल, दर्शना सिंह बघेल, डायमंड सिंह ध्रुव, रौनक अग्रवाल और संजय डहरिया ने अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से पूरे प्रदेश को गौरवान्वित किया है। आपकी यह सफलता केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों युवाओं के सपनों को नई ऊर्जा देने वाली प्रेरणा है। मुझे विश्वास है कि आप जनसेवा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएँगे।
आप सभी के उज्ज्वल भविष्य के लिए मेरी हार्दिक शुभकामनाएँ।
