अंबिकापुर। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। शहर के व्यस्त रिंग रोड स्थित महामाया मंदिर द्वार के पास एक अधेड़ महिला का शव संदिग्ध हालात में मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचित किया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि, महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान हैं। खासकर सिर और गर्दन पर गहरे वार किए गए हैं, जिससे यह साफ संकेत मिलता है कि, हमलावरों ने बेहद क्रूरता के साथ वारदात को अंजाम दिया। महिला के चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है, जिससे उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है। वही ,पुलिस को घटनास्थल से कुछ ऐसे संकेत भी मिले हैं, जिनसे मामला और अधिक गंभीर हो गया है। हालांकि, अधिकारियों ने फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पीएम रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं-हत्या, आपसी रंजिश और अन्य एंगल-को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
बता दे ,घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी राजेश कुमार अग्रवाल समेत वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंचे। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। इसके बाद शव को पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया, जहां पीएम के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाके में इस तरह की वारदात से स्थानीय लोग दहशत में हैं और पुलिस गश्त को लेकर नाराजगी जता रहे हैं।फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों से मिलान कर रही है। साथ ही, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों तक जल्द से जल्द पहुंचा जा सके। पुलिस का कहना है कि, मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी गई है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।
