कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में उरगा थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक दिल दहला देने वाली वारदात हुई है। बिलासपुर से भागकर कोरबा पहुंचे एक प्रेमी जोड़े ने साथ जीने-मरने की कसमें खाई थीं, लेकिन उनके सफर का अंत बेहद खौफनाक रहा। प्रेमी ने पहले अपनी प्रेमिका का गला काटकर उसे मौत के घाट उतारने की कोशिश की और फिर खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या कर ली। क्या है पूरी घटना? जानकारी के मुताबिक, बिलासपुर की कश्यप कॉलोनी निवासी निशा उर्फ प्रतीक्षा (22 वर्ष) और शुभम नायडू (28 वर्ष) मंगलवार रात अपने घरों से भाग निकले थे। दोनों बाइक पर सवार होकर कोरबा पहुंचे। उरगा थाना क्षेत्र के सन्डैल नाला के पास उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ा कि शुभम ने चाकू निकालकर निशा का गला रेत दिया। उसे मरा हुआ समझकर शुभम ने उसी चाकू से अपना भी गला काट लिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।मौत के बीच युवती का अदम्य साहस गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद निशा ने हिम्मत नहीं हारी। उसने अपने खून से लथपथ हालत में परिजनों को वीडियो कॉल किया और अपनी लोकेशन साझा की। साथ ही उसने डायल 112 को भी फोन कर घटना की जानकारी दी। लोकेशन मिलते ही पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची और दोनों को जिला अस्पताल ले गई।

शादीशुदा था युवक, जांच जारी अस्पताल में डॉक्टरों ने शुभम को मृत घोषित कर दिया, जबकि निशा की नाजुक हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर सिम्स रेफर किया गया है। पुलिस जांच में पता चला है कि मृतक शुभम पहले से शादीशुदा था, जो इस वारदात की एक बड़ी वजह हो सकती है। उरगा पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और युवती के बयान दर्ज होने का इंतजार कर रही है ताकि हत्या के प्रयास और खुदकुशी के असली कारणों का पता चल सके।

