रायपुर। राजधानी रायपुर में एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही ने बड़ा हादसा करा दिया। देर रात PWD ब्रिज के पहले एक तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक के सामने के सभी पहिए निकलकर अलग हो गए और वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह गहरवार ने बताया कि यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक ट्रक ने सड़क किनारे खड़े ट्रेलर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक चालक तेज रफ्तार में था और वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिसके चलते यह गंभीर हादसा हुआ। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। हादसे के बाद सड़क पर ट्रक और ट्रेलर के क्षतिग्रस्त हिस्से फैल जाने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। पांच पड़ी नाका ओवरब्रिज से लेकर रायपुरा ओवरब्रिज तक लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। इस जाम के कारण आम नागरिकों, दफ्तर जाने वालों और आपात सेवाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन घंटों तक फंसे रहे।
वहीं सूचना मिलने पर पुलिस और ट्रैफिक विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद यातायात को धीरे-धीरे सुचारु किया जा सका। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि तेज रफ्तार से बचें और सड़क पर खड़े वाहनों के आसपास विशेष सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
