मुठभेड़ में ACM रैंक की इनामी नक्सली ‘रूपी’ ढेर, 20 साल पुराना माओवादी नेटवर्क टूटा

Follow Us

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में बड़ी सफलता मिली है। जवानों ने इस ऑपरेशन में ACM रैंक की एक कुख्यात महिला नक्सली को मार गिराया है, जिसकी पहचान रंगाबोइना भाग्या उर्फ ‘रूपी’ के रूप में हुई है। वह बस्तर क्षेत्र में सक्रिय बड़े कैडर की अंतिम महत्वपूर्ण माओवादियों में से एक मानी जाती थी।

मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों की टीम छोटेबेठिया इलाके में सर्चिंग अभियान पर निकली थी, तभी नक्सलियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। जवानों ने भी तुरंत जवाबी कार्रवाई की और मुठभेड़ के दौरान नक्सली रूपी को ढेर कर दिया। मारी गई नक्सली पर सरकार द्वारा 4 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

रूपी माओवादी संगठन में ACM (Assistant Company Member) रैंक की सक्रिय सदस्य थी और माड़ डिवीजन में DVCM स्तर पर काम कर रही थी। वह पिछले लगभग 20 वर्षों से, यानी 2004 से नक्सली संगठन से जुड़ी हुई थी और कई बड़ी घटनाओं में शामिल रही बताई जाती है। उसकी गतिविधियां लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों के लिए चुनौती बनी हुई थीं।

एसपी (SP) निखिल राखेचा ने मुठभेड़ की पुष्टि करते हुए बताया कि, इलाके में अभी भी सर्चिंग अभियान तेज कर दिया गया है ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी की संभावना को खत्म किया जा सके। इस कार्रवाई को सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिससे बस्तर क्षेत्र में नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।