गैस की किल्लत पर आम आदमी पार्टी ने निकाली विधानसभा स्तरीय “गैस सिलिंडर शव यात्रा”

Follow Us
  • आम जनता को गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करे सरकार -आम आदमी पार्टी

रायपुर । आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में गहराते रसोई गैस संकट, कमर्शियल सिलेंडर की कमी और उससे प्रभावित आम जनजीवन व उद्योगों को लेकर 19 मार्च 2026 को रायपुर जिले के बिरगांव में गैस सिलिंडर शव यात्रा निकाली। यह यात्रा व्यास तालाब से निकलकर शुक्रवारी बाजार पानी टंकी बिरगांव में समापन हुआ।

प्रदेश कोषाध्यक्ष मुन्ना बिसेन ने सरकार के “गैस की कोई कमी नहीं” वाले दावों को सिरे से खारिज करते हुए इसे जनता को गुमराह करने वाला बताया। उन्होंने कहा कि देशभर में गैस संकट के हालात सरकार की विफल नीतियों का परिणाम हैं। जब सरकार खुद दावा कर रही है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर आम जनता को सिलेंडर के लिए लंबी कतारों में क्यों खड़ा होना पड़ रहा है?

प्रदेश महासचिव सूरज उपाध्याय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ₹500 में गैस सिलेंडर देने की “गारंटी” पूरी तरह फेल हो चुकी है। आज आम आदमी को घरेलू गैस सिलेंडर तक समय पर नहीं मिल पा रहा है। ऊपर से घरेलू सिलेंडर पर ₹60 और कमर्शियल सिलेंडर पर ₹115 की बढ़ोतरी ने लोगों की कमर तोड़ दी है।

प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्गा झा ने कहा कि केंद्र की ग़लत नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ की जनता रसोई गैस (एलपीजी) और कमर्शियल गैस की अनियमित एवं अपर्याप्त आपूर्ति की गंभीर समस्या का सामना कर रही हैं। वर्तमान स्थिति में गैस सिलेंडर समय पर उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिसके कारण आम नागरिकों का दैनिक जीवन अत्यंत प्रभावित हो रहा है। कमर्शियल गैस की आपूर्ति न होने से बाहर से आने वाले लोगों को होटल रेस्टोरेंट खाना नहीं मिल पा रहा है और जहां मिल रहा है वहां महँगा मिल रहा है। होटल रेस्टोरेंट वालों का भी जीवन यापन कठिन हो गया है।

प्रदेश प्रवक्ता जयदीप खनूजा ने कहा कि छत्तीसगढ़ के अनेक शहरों में हजारों अप्रवासी मजदूर परिवारों को जिनका एक सिलिंडर है उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पा रहाहै। शहरी और ग्रामीण क्षेत्र के मध्यम एवं निम्न आय वर्ग के परिवारों को इस समस्या से अत्यधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कई बार गैस एजेंसियों में संपर्क करने पर भी संतोषजनक समाधान नहीं मिल पाता है। मजबूरीवश लोगों को लकड़ी एवं अन्य पारंपरिक ईंधनों के अलावा इलेक्ट्रिक से चलने वाले चूल्हों का उपयोग करना पड़ रहा है, जो स्वास्थ्य एवं पर्यावरण दोनों के लिए हानिकारक होने के साथ साथ बिजली की खपत बढ़ने व बिजली उत्पादन पर बोझ बढ़ रहा है जो भविष्य में बिजली की संकट उत्पन्न कर सकता है।

प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर और प्रदेश अध्यक्ष (यूथ विंग) इमरान खान ने संयुक्त रूप से कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन और शहरी क्षेत्रों में 25 दिन की रिफिलिंग समय सीमा क्यों तय की गई है? यह न केवल गैस की कमी को उजागर करता है, बल्कि गांव और शहर के बीच भेदभाव को भी दर्शाता है। इस संकट का सीधा असर आम जनजीवन पर पड़ा है।

रायपुर जिलाध्यक्ष नवनीत नन्दे और रायपुर जिला कार्यकारी अध्यक्ष सागर क्षीर सागर ने संयुक्त रूप से कहा कि आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए छत्तीसगढ़ में संबंधित विभाग और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान करें तथा गैस की कालाबाज़ारी पर रोक लगावें और छत्तीसगढ़ में रसोई गैस की नियमित, पारदर्शी एवं समयबद्ध आपूर्ति सुनिश्चित करने का सहयोग करें। साथ ही, गैस वितरण प्रणाली की निगरानी को सुदृढ़ करने एवं शिकायतों के त्वरित निवारण की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। अन्यथा आम आदमी पार्टी प्रदेशभर में आम जनता के साथ इससे भी बड़ा व्यापक जन आंदोलन करेगी ।

आज के कार्यक्रम में आम आदमी पार्टी की ओर से मुन्ना बिसेन,सूरज उपाध्याय दुर्गा झा,जयदीप खनुजा,नंदन सिंह, मिहिर कुर्मी,इमरान खान, अनुषा जोसफ, कलावती मार्को,नवनीत नन्दे,सागर क्षीरसागर,संजय गुप्ता,सुरेंद्र बिसेन,नरेंद्र सिंह ठाकुर, सीमा झा विकास दास मानिकपुरी,विजय देवांगन, राजेश गुप्ता,शिव शर्मा, रघुनाथ यादव सहित अनेक महिला कार्यकर्ता शामिल रहीं।