शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधि मंडल ने पुलिस कमिश्नर से की मुलाकात, कानून व्यवस्था सुधार को लेकर सौंपा ज्ञापन

Follow Us

रायपुर। रायपुर जिले में लगातार बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध एवं आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर शहर एवं ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त प्रतिनिधि मंडल ने आज पुलिस कमिश्नर रायपुर से मुलाकात कर विस्तृत ज्ञापन सौंपा है।

कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया कि रायपुर शहर एवं ग्रामीण अंचलों में लगातार हत्या, लूट, मारपीट, छेड़छाड़, बलात्कार, चाकूबाजी जैसी गंभीर आपराधिक घटनाओं में चिंताजनक वृद्धि हो रही है, जिससे आम जनता में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। छात्र, युवा, महिलाएं, बुजुर्ग एवं व्यापारी वर्ग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि अवैध सट्टा, ऑनलाइन जुआ, नशे एवं अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। कई थानों में पुलिस बल की भारी कमी, लापरवाही एवं उदासीन रवैये के चलते अपराध नियंत्रण पूरी तरह विफल होता नजर आ रहा है।

कांग्रेस प्रतिनिधि मंडल ने मांग की कि बढ़ते अपराधों पर रोक लगाने हेतु कड़ी एवं प्रभावी पुलिसिंग की जाए।अवैध सट्टा, जुआ, नशा एवं शराब के अड्डों को स्थायी रूप से बंद किया जाए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाए।जनता से चालान के नाम पर की जा रही अनावश्यक वसूली पर रोक लगाई जाए और पुलिस व्यवस्था को नागरिक सुरक्षा केंद्रित बनाया जाए।थानों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए। कांग्रेस ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो कानून व्यवस्था से जुड़ी गंभीर घटनाओं के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा और कांग्रेस पार्टी जनहित में आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी। इस दौरान शहर अध्यक्ष कुमार शंकर मेनन सहित कार्यकर्ता उपस्थित रहे।