नई दिल्ली। दुनिया की दिग्गज AI चिप निर्माता कंपनी NVIDIA में बड़ा नेतृत्व परिवर्तन देखने को मिला है। कंपनी के को-फाउंडर जेनसन हुआंग (Jensen Huang) महज 11 दिन बाद एक बार फिर CEO की कुर्सी पर लौट आए हैं। 23 नवंबर को NVIDIA के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने सर्वसम्मति से उन्हें कंपनी का प्रेसिडेंट, CEO और बोर्ड डायरेक्टर नियुक्त कर दिया। इससे पहले उन्होंने 12 नवंबर को अपने पदों से इस्तीफा दिया था।
अमेरिकी सरकार के इनपुट के बाद बदला बोर्ड का फैसला
NVIDIA के बोर्ड ने हुआंग की वापसी से पहले अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से इनपुट लिया था। इसके बाद बोर्ड ने निष्कर्ष निकाला कि उनके दोबारा CEO बनने से अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को कोई खतरा नहीं है। बोर्ड के मुताबिक, जेनसन हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत और बैठकें हुईं। उनके जवाबों और कंपनी का नेतृत्व करने की क्षमता से संतुष्ट होने के बाद उनकी नियुक्ति पर मुहर लगाई गई। हालांकि, उनसे जुड़े मामले की स्वतंत्र जांच अभी जारी रहेगी।
डोनाल्ड ट्रंप ने फैसले का किया स्वागत
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने जेनसन हुआंग की CEO पद पर वापसी का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सही फैसला बताते हुए कहा कि NVIDIA और अमेरिकी अर्थव्यवस्था की तरक्की के लिए हुआंग का नेतृत्व जरूरी है। ट्रंप के मुताबिक, अमेरिकी अटॉर्नी जनरल ने भी पुष्टि की है कि हुआंग के खिलाफ किसी गैरकानूनी गतिविधि का सबूत नहीं मिला है। हालांकि, उन्होंने NVIDIA को अमेरिकी एक्सपोर्ट कंट्रोल नियमों के पालन को लेकर आंतरिक जांच जारी रखने की सलाह दी।
कल से होगा विश्व शतरंज चैंपियनशिप का आगाज, गुकेश अपनी खिताब बचाने उतरेंगे
हुआंग के जाने से एनवीडिया के शेयरों में 30 फीसदी से अधिक की भारी गिरावट आई थी। उन्होंने 17 नवंबर को सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और वापसी की इच्छा जताई। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और एलन मस्क ने हुआंग की वापसी का समर्थन किया। ट्रंप ने एनवीडिया के निदेशक मंडल से उन्हें वापस लाने का बार-बार आग्रह किया था। ट्रंप ने हुआंग को महान देशभक्त और राष्ट्रीय धरोहर बताया। उन्होंने कहा कि उनकी वापसी अमेरिकी अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण है।
निजी संबंधों और जासूसी के आरोपों से शुरू हुआ विवाद
हुआंग के इस्तीफे के पीछे उनकी निजी जिंदगी और कथित चीनी कारोबारी महिला एलिस हुआंग से संबंधों को लेकर सामने आई मीडिया रिपोर्ट्स चर्चा में थीं। इस महिला के चीन की खुफिया एजेंसी से संभावित संबंधों को लेकर भी सवाल उठे थे। हालांकि, चीन ने जासूसी से जुड़े आरोपों को खारिज किया है।
NVIDIA के लिए क्यों अहम हैं जेनसन हुआंग?
जेनसन हुआंग ने 1993 में NVIDIA की स्थापना की थी। उनके नेतृत्व में कंपनी ने गेमिंग ग्राफिक्स चिप बनाने से लेकर AI और डेटा सेंटर के लिए अत्याधुनिक GPU विकसित करने तक का सफर तय किया।
उनकी वापसी से कंपनी के नेतृत्व को लेकर अनिश्चितता कम होने की उम्मीद है। हालांकि, चीन को AI चिप की बिक्री, अमेरिकी एक्सपोर्ट कंट्रोल नियम और जारी जांच NVIDIA के लिए आगे भी बड़ी चुनौतियां बने रहेंगे।
