मुंबई । मुंबई के बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स (बीकेसी) में मेटा की बिल्डिंग के बाहर हुए प्रदर्शन और कथित तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत सबरीन समेत चार लोगों को नामजद किया गया है, जबकि 15 से 20 अज्ञात महिलाओं को भी आरोपी बनाया गया है। एफआईआर के मुताबिक, यह घटना 20 नवंबर को शाम करीब 5.40 बजे बीकेसी रोड स्थित बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स के बाहर हुई। करीब 20 से 25 लोग बिल्डिंग के बाहर जमा हुए और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, लाल रंग की फूलों वाली ड्रेस पहनी एक महिला ने बिल्डिंग के कांच के बाहरी हिस्से पर ‘मेटा-आरएसएस का बेटा’ लिखकर उसे कथित तौर पर नुकसान पहुंचाया। शिकायत में प्रदर्शनकारियों पर परिसर में हंगामा करने का भी आरोप लगाया गया है।
एफआईआर में नामजद आरोपियों में मुंबई यूथ कांग्रेस की अध्यक्ष जीनत सबरीन के अलावा, यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव पवन मजेठिया, निखिल रुपारेल और जाफर शामिल हैं। मुंबई की बीकेसी थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 223 और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की धारा 37(3) और 135 व महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डिफेसमेंट ऑफ प्रॉपर्टी एक्ट, 1995 की धारा 3 के तहत मामला दर्ज किया है। दरअसल, यूथ कांग्रेस ने पिछले दिन अलग-अलग जगहों पर मेटा के खिलाफ प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन नेशनल यूथ कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब और राष्ट्रीय प्रभारी मनीष शर्मा के सोशल मीडिया अकाउंट सस्पेंड किए जाने के विरोध में किया गया था। यूथ कांग्रेस के नेताओं ने आरोप लगाए कि ऐसी हजारों पोस्ट हैं, जिन्हें मेटा की तरफ से बैन किया जा रहा है या हटाया जा रहा है।नेशनल यूथ कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, “आपका (मेटा के सीईओ और फेसबुक के सह-संस्थापक मार्क जुकरबर्ग) एल्गोरिदम खुद भाजपा से कहीं अधिक राहुल गांधी की तस्वीर से डरा हुआ लगता है।”
