हांगकांग ओपन : एंटोनसेन को वॉकओवर से पुरुष एकल का खिताब, झियी ने महिला एकल का खिताब रखा बरकरार

Follow Us

हांगकांग। हांगकांग ओपन 2026 में डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन को पुरुष एकल का चैंपियन घोषित किया गया। फाइनल मुकाबले से पहले दूसरी वरीयता प्राप्त कुनलावुत वितिदसर्न ने पीठ की चोट के कारण अपना नाम वापस ले लिया, जिसके बाद एंटोनसेन को वॉकओवर मिल गया। विश्व बैडमिंटन महासंघ (बीडब्ल्यूएफ) ने रविवार को एक बयान में कहा, “पुरुष एकल में दूसरी वरीयता प्राप्त कुनलावुत वितिदसर्न पीठ की चोट के कारण ली-निंग हांगकांग ओपन 2026 के फाइनल मुकाबले से हट गए हैं। उनके प्रतिद्वंद्वी एंडर्स एंटोनसेन को पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान खिताब प्रदान किया जाएगा।”

एंटोनसेन ने भारत के लक्ष्य सेन को 21-13, 21-13 से हराकर फाइनल में जगह बनाई थी, जबकि वितिदसर्न ने 72 मिनट तक चले सेमीफाइनल मुकाबले में इंडोनेशिया के मोहम्मद जकी उबैदिल्लाह को 18-21, 21-15, 21-16 से हराया था। हांगकांग में मिली यह जीत एंटोनसेन का इस साल का दूसरा बीडब्ल्यूएफ 500 खिताब है। इससे पहले उन्होंने मई में थाईलैंड ओपन का खिताब जीता था। उस टूर्नामेंट के फाइनल में भी उनका सामना वितिदसर्न से हुआ था, लेकिन तब डेनमार्क के खिलाड़ी ने तीन गेम तक चले मुकाबले में जीत हासिल की थी।

रिकॉर्ड बनाने से ज्यादा टीम के लिए प्रभावशाली प्रदर्शन करने पर ध्यान : ऋषभ पंत

महिला एकल के फाइनल में दो बार की एशियाई चैंपियन वांग झियी ने पोर्नपावी चोचुवोंग को एकतरफा मुकाबले में हराकर अपना खिताब बरकरार रखा। झियी ने पहला गेम 21-16 से जीता और फिर महज 40 मिनट में दूसरा गेम 21-11 से जीतकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। पुरुष युगल में मलेशिया की जोड़ी मैन वेई चोंग और टी काई वुन ने भी खिताब जीत लिया। इस जोड़ी ने फाइनल में इंडोनेशिया के लियो रोली और डेनियल मार्थिन को कड़े मुकाबले में हराया। मलेशियाई जोड़ी ने इससे पहले भारत के सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी।

वेई चोंग और काई वुन ने पहला गेम 21-19 से जीता। दोनों जोड़ियों ने एक-दूसरे को आसानी से अंक हासिल करने का मौका नहीं दिया। दूसरे गेम में मलेशियाई जोड़ी ने 16-9 की बढ़त बना ली, लेकिन इंडोनेशियाई खिलाड़ियों ने वापसी की कोशिश की। वेई चोंग और काई वुन ने आखिरकार दूसरा गेम 21-18 से जीतकर खिताब अपने नाम कर लिया।

भारत ने टेस्ट क्रिकेट में बनाया अपना तीसरा सबसे बड़ा स्कोर