ऑकलैंड। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने रविवार को यहां लॉयड एल्समोर हॉकी स्टेडियम में मेजबान न्यूजीलैंड के खिलाफ तीसरा और अंतिम मुकाबला 2-2 से ड्रॉ खेलकर तीन मैचों की 2026 शताब्दी हॉकी सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली। भारत की ओर से कप्तान संजय राणा (16वें मिनट) और सेल्वम कार्थी (18वें मिनट) ने गोल किए, जबकि न्यूजीलैंड के लिए डायलन थॉमस (नौवें मिनट) और बेंजी कुल्हेन (55वें मिनट) ने गोल दागे। तीन मैचों की यह मैत्री सीरीज गुरुवार को शुरू हुई थी। भारत ने पहला मुकाबला उत्तम सिंह, शरदानंद तिवारी और संजय राणा के गोल की मदद से 3-2 से जीता था।
अंगद बीर सिंह ने शनिवार को खेले गए दूसरे मुकाबले में भारत को बराबरी दिलाई थी, जबकि संजय राणा के आखिरी समय में किए गए गोल ने टीम को 2-2 से ड्रॉ दिलाया था। तीनों मैचों में तीन गोल करने वाले संजय राणा सीरीज के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी रहे। वह पेरिस 2024 ओलंपिक में कांस्य और 2026 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थे। न्यूजीलैंड की ओर से सैम हिहा और डायलन थॉमस ने दो-दो गोल किए।
सीरीज बराबर करने के इरादे से उतरी विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान की न्यूजीलैंड टीम ने आक्रामक शुरुआत की और पहले क्वार्टर में डायलन थॉमस ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को बढ़त दिलाई। भारत ने हालांकि दूसरे क्वार्टर में दो गोल कर मुकाबले का रुख पलट दिया। संजय राणा ने लगातार तीसरे मैच में पेनल्टी कॉर्नर पर गोल कर स्कोर बराबर किया। इसके कुछ ही देर बाद सेल्वम कार्थी ने मैदानी गोल कर भारत को 2-1 की बढ़त दिला दी। मध्यांतर तक भारतीय टीम इसी बढ़त पर कायम रही।
तीसरे क्वार्टर में भारतीय रक्षापंक्ति ने मजबूती से खेलते हुए बढ़त बरकरार रखी। चौथे क्वार्टर में भी भारत अधिकांश समय तक अपनी बढ़त बचाने में सफल रहा, लेकिन मैच समाप्त होने से पांच मिनट पहले बेंजी कुल्हेन ने मैदानी गोल कर न्यूजीलैंड को 2-2 की बराबरी दिला दी। न्यूजीलैंड की टीम शेष समय में कोई और गोल नहीं कर सकी और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इस तरह भारत ने सीरीज 1-0 से जीत ली।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच इस सीरीज का आधिकारिक नाम ‘2026 इंडिया/न्यूजीलैंड सेंचुरी ऑफ स्पोर्टिंग यूनिटी इवेंट’ था। इसका आयोजन दोनों देशों के बीच खेल संबंधों के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में किया गया। वर्ष 1926 में महान मेजर ध्यानचंद वाली भारतीय सेना की हॉकी टीम न्यूजीलैंड का दौरा करने वाली भारत की पहली टीम बनी थी।
