गुजरात में रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा, पलटते ही आग का गोला बनी तेज रफ्तार कार; अंदर फंसे 3 लोग जिंदा जले

Follow Us

जूनागढ़। गुजरात के जूनागढ़ जिले में केशोद-बालागाम रोड पर रविवार को खमीदाणा गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद कार में अचानक भीषण आग लग गई और देखते ही देखते वाहन आग के गोले में तब्दील हो गया। इस दर्दनाक हादसे में कार में सवार तीन लोगों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार से बाहर छिटककर गिरी एक युवती की जान बच गई। हालांकि, युवती गंभीर रूप से घायल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कार केशोद-बालागाम रोड से गुजर रही थी। इसी दौरान खमीदाणा गांव के पास चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे तेज रफ्तार कार सड़क पर पलट गई। कार के पलटते ही उसमें आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कार में सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला। देखते ही देखते पूरी कार आग की लपटों से घिर गई। हादसे के दौरान एक युवती कार से बाहर छिटककर दूर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।

घटना में गंभीर रूप से घायल युवती को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से केशोद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने अस्पताल में युवती का तत्काल उपचार शुरू कर दिया। हादसे के भयावह दृश्य और अपने साथ हुई इस दर्दनाक घटना के चलते युवती गहरे सदमे में बताई जा रही है। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसकी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही केशोद फायर ब्रिगेड की टीम और इमरजेंसी 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद कार में लगी आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। आग बुझने के बाद कार के भीतर तीन लोगों के शव मिले।

पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मृतकों की पहचान करने और जले हुए वाहन के संबंध में जानकारी जुटाने की कवायद की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा किस वजह से हुआ और कार चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे छूटा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर हादसे की जांच की जा रही है। हादसा कैसे हुआ, इसका पता लगाया जा रहा है। इसके लिए एक टीम का भी गठन किया जा रहा है, जो जल्द ही मामले की जानकारी देगी।