एटीपी फाइनल्स 2026 : अल्कराज ने शेल्टन को हराकर फाइनल में जगह बनाई, खिताबी मुकाबले में ज्वेरेव से भिड़ंत

Follow Us

तूरिन। स्पेन के कार्लोस अल्कराज ने शनिवार को तीन सेट तक चले रोमांचक सेमीफाइनल में बेन शेल्टन को हराकर एटीपी फाइनल्स 2026 के खिताबी मुकाबले में जगह बना ली। अब वह अपने पहले एटीपी फाइनल्स खिताब से एक जीत दूर हैं। ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करने वाले अल्कराज को विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज शेल्टन ने कड़ी चुनौती दी। स्पेनिश खिलाड़ी ने 3-6, 6-3, 7-6 (1) से जीत दर्ज कर लगातार दूसरे साल फाइनल में प्रवेश किया। शेल्टन ने पहले सेट में आक्रामक शुरुआत करते हुए बढ़त बनाई, लेकिन दूसरे सेट में अल्कराज ने लय हासिल कर मुकाबले में वापसी की। निर्णायक सेट में दोनों खिलाड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और अंततः टाईब्रेकर में अल्कराज ने बाजी मार ली। सात बार के ग्रैंडस्लैम चैंपियन अल्कराज ने इस तरह अमेरिकी ओपन के इस साल के क्वार्टर फाइनल के निर्णायक सेट में शेल्टन से मिली हार का बदला भी चुकाया।

मैच के बाद अल्कराज ने कहा, “मुझे लगता है कि शेल्टन ने मुझे पूरी ताकत लगाने के लिए मजबूर किया। मैं मानसिक रूप से बहुत मजबूत बना रहा।” उन्होंने मुश्किल पहले सेट में गलतियां करने के बाद आत्मविश्वास वापस हासिल करने के बारे में कहा, “मुझे इस बात पर गर्व है कि मैंने अहम मौकों पर जिस तरह का खेल दिखाया।” कलाई की लगातार बनी रहने वाली चोट के कारण फ्रेंच ओपन और विंबलडन सहित सत्र के चार महीने गंवाने के बावजूद अल्कराज ने शानदार वापसी की है। वह लगातार 13 मैच जीत चुके हैं। ओलंपिक एकल स्वर्ण पदक के अलावा एटीपी फाइनल्स का खिताब उन कुछ बड़े पुरस्कारों में शामिल है, जो 23 वर्षीय खिलाड़ी के करियर में अब तक नहीं आए हैं।

रेलवे के जमशेद आलम ने टी20 पदार्पण पर चार गेंदों में चार विकेट चटके, रचा इतिहास

रविवार का फाइनल 2026 में अल्कराज का सातवां खिताबी मुकाबला होगा, जो इस साल एटीपी टूर के किसी भी अन्य खिलाड़ी से अधिक है। अल्कराज के सामने खिताब की राह में विश्व के नंबर एक खिलाड़ी और टोक्यो 2020 ओलंपिक चैंपियन जर्मनी के अलेक्जेंडर ज्वेरेव की चुनौती होगी। ज्वेरेव ने दूसरे सेमीफाइनल में रूस के दानिल मेदवेदेव को 7-6 (0), 6-4 से हराकर तीसरी बार एटीपी फाइनल्स के खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। दो पूर्व एटीपी फाइनल्स चैंपियनों के बीच हुए मुकाबले में 29 वर्षीय जर्मन खिलाड़ी ने 16 ऐस लगाए और पहली सर्विस पर 81 प्रतिशत अंक जीते। यह 2026 में उनकी 69वीं जीत थी, जो उनके करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। रविवार का फाइनल इस सत्र में उनका पांचवां खिताबी मुकाबला होगा। वह इससे पहले 2018 और 2021 में एटीपी फाइनल्स का खिताब जीत चुके हैं।

शीर्ष वरीयता प्राप्त ज्वेरेव का सामना अब दूसरी वरीयता प्राप्त अल्कराज से 14वीं बार होगा। दोनों के बीच अब तक हुए मुकाबलों में अल्कराज को 7-6 की मामूली बढ़त हासिल है। इस सत्र में दोनों की एकमात्र भिड़ंत ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के सेमीफाइनल में हुई थी। हालांकि, एटीपी फाइनल्स में इससे पहले हुए दोनों मुकाबलों में ज्वेरेव ने जीत दर्ज की है। गत चैंपियन इटली के यानिक सिनर घुटने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हैं। ऐसे में रविवार 22 नवंबर को होने वाले फाइनल के साथ एटीपी सत्र को नया चैंपियन मिलना तय है।

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : सेवा सेतु से गंगोत्री को मात्र एक दिन में मिला आय प्रमाण पत्र